कांडी(गढ़वा):क्षेत्र में अवैध बालू के उत्खनन और परिवहन से मची अव्यवस्था के बाद अब प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। बलियारी पंचायत के सोनपुरा गांव में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत के बाद उपजे जनाक्रोश को देखते हुए कांडी अंचल अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। अंचल अधिकारी राकेश सहाय ने कांडी थाना प्रभारी एवं हरिहरपुर ओपी प्रभारी को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिया है कि क्षेत्र में अवैध बालू का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जारी निर्देश के अनुसार अब कांडी थाना क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाई जाएगी। यदि कोई भी बालू लदा ट्रैक्टर अवैध रूप से परिवहन करते हुए पकड़ा जाता है, तो ट्रैक्टर मालिक और चालक के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही समय-समय पर अंचल अधिकारी और पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि अवैध बालू के उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगा।गौरतलब है कि बीते 12 मार्च को अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से सोनपुरा गांव की एक महिला की मौत हो गई थी। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब 20 घंटे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। मौके पर पहुंचे जिला परिषद सदस्य एवं प्रखंड प्रमुख सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी अवैध बालू के इस काले कारोबार पर पूर्णतः रोक लगाने की मांग की थी। प्रशासन की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस आदेश की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक गढ़वा, उपायुक्त गढ़वा तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य वरीय अधिकारियों को भी भेजी गई है, ताकि पूरे अभियान की निगरानी उच्च स्तर से की जा सके।

