श्री बंशीधर नगर : विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर गुरुवार को यहां अनुमंडल कार्यालय के मैदान में खेलो इंडिया अस्मिता महिला साइकिलिंग सिटी लीग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक अनंत प्रताप देव, विशिष्ट अतिथि एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह एवं झामुमो के युवा नेता दीपक प्रताप देव ने संयुक्त रूप से प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर किया।
तत्पश्चात अनुमंडल मैदान से भव्य साइकिल रैली निकाली गई, जो मुख्य मार्ग से होते हुये कचहरी परिसर, ब्लॉक मोड़ एवं जंगीपुर पावर हाउस तक पहुंची तथा पुनः अनुमंडल मैदान पहुंच कर समाप्त हुई। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों एवं स्थानीय युवाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण एवं सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुये विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि साइकिल न केवल एक सस्ता और सुलभ परिवहन साधन है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से साइकिल चलाने और फिट रहने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा खेल को बढ़ावा दिया जा रहा है। उनका प्रयास है इंडिया टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने जिस तरह से राष्ट्रीय एवं अंतरास्ट्रीय स्तर पर झारखंड नाम रौशन किया है उसी तरह झारखंड के अन्य खिलाड़ी भी बेहतर खेल का प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रौशन कर सकें। उन्होंने प्रतिभागियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुये उनसे बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की। विशिष्ट अतिथि एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने कहा कि फिट रहें, साइकिल चलाएं और स्वस्थ शरीर, स्वच्छ पर्यावरण जैसे संदेश समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों और युवाओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ने की प्रेरणा दी। झामुमो के युवा नेता दीपक प्रताप देव ने कहा कि खिलाड़ियों के शारीरिक और मानसिक विकास में खेल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा कम होता है, मोटापा नियंत्रित रहता है और मानसिक तनाव में भी कमी आती है।
साथ ही साइकिल के उपयोग से ईंधन की बचत होती है तथा वायु प्रदूषण कम होने से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को अपनी ओर से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में जिपस बाला रानी देवी, झामुमो नेत्री किरण देवी एवं वरिष्ठ पत्रकार धीरेंद्र चौबे ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किये। इसके पूर्व गढ़वा जिला खेल प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता एवं आयोजन प्रभारी उज्ज्वल विश्वकर्मा ने सभी अतिथियों को पौधा भेंटकर स्वागत किया। मंच संचालन कमलेश पांडेय ने किया। कार्यक्रम के अंत में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। उस मौके पर झामुमो के मुक्तेश्वर पांडेय, अमरनाथ पांडेय, सूर्यदेव मेहता, महमूद आलम, तस्लीम खान, शमीम खां, सोहन उरांव, टेक्निकल ऑफिशियल सुशील तिवारी, किशोर कुणाल और अजय कांत सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
विजेता खिलाड़ियों को मिला सम्मान
साइकिल रेस के एलीट ग्रुप में प्रियांजलि कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि प्रतिमा कुमारी ने द्वितीय एवं प्रियंका कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सब-जूनियर ग्रुप में प्रतिमा कुमारी ने प्रथम, सुषमा पांडेय ने द्वितीय एवं रूपा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर ग्रुप में हेमा राज ने प्रथम, प्रीति कुमारी ने द्वितीय एवं नंदनी पासवान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि विधायक अनंत प्रताप देव, विशिष्ट अतिथि एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह एवं दीपक प्रताप देव के द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में इंसानियत ट्रस्ट के सदस्यों ने किया सहयोग
अनुमंडल कार्यालय के मैदान में खेलो इंडिया अस्मिता महिला साइकिलिंग सिटी लीग प्रतियोगिता को सफल बनाने में इंसानियत ट्रस्ट के सदस्यों ने बढ़चढ़ कर सहयोग किया। सहयोग करने वालों में,शुभम शर्मा, भारती रंजन, मनीष कुमार, रामाशीष कुमार एवं मुकेश ठाकुर समेत कई लोगों के नाम शामिल हैं। सभी लोगों ने प्रतिभागी खिलाड़ियों के बीच पानी एवं जूस का वितरण कर उनका उत्साहवर्धन किया।

