डंडई(गढ़वा):प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में पेट्रोल को लेकर फैली अफवाह के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अफवाहों के चलते बड़ी संख्या में लोग डिब्बा और बोतल लेकर पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं और घंटों लाइन में खड़े होकर पेट्रोल लेने का इंतजार कर रहे हैं। शनिवार को भी डंडई प्रखंड मुख्यालय के पेट्रोल पंप और लवाही पेट्रोल पंप पर सुबह से ही लोगों की लंबी कतार देखने को मिली। कई लोग अपने दोपहिया व चारपहिया वाहनों के साथ-साथ डिब्बा और बोतल में भी पेट्रोल भरवाने के लिए लाइन में लगे रहे। पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ने से आम लोगों को काफी परेशानी हुई। भीड़ अधिक होने के कारण पंप संचालकों को स्थिति संभालने के लिए स्थानीय प्रशासन की मदद लेनी पड़ी। स्थानीय लोगों के अनुसार सोशल मीडिया और आपसी चर्चा के माध्यम से यह खबर फैल गई कि पेट्रोल की कमी होने वाली है। दरअसल, इस समय ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव को लेकर लोगों में यह अफवाह फैल गई है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा और इसकी कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो सकती है। इसी आशंका के कारण लोग घबराकर अधिक मात्रा में पेट्रोल लेने पंपों पर पहुंचने लगे।
एहतियात के तौर पर लोग पहले से ही पेट्रोल जमा करने की कोशिश करने लगे, जिससे अचानक भीड़ बढ़ गई और लंबी कतार लग गई। कुछ लोगों ने डिब्बा, बोतल और गैलन में भी पेट्रोल भरवाना शुरू कर दिया। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण कुछ देर के लिए पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी का माहौल भी बन गया।
अफवाहों में न आएं, पेट्रोल की आपूर्ति जारी है: थाना प्रभारी
इस संबंध में डंडई थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और पेट्रोल पंपों पर नियमित रूप से आपूर्ति हो रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि लोग बेवजह घबराकर जरूरत से ज्यादा पेट्रोल खरीदकर घरों में जमा न करें। इससे पेट्रोल पंपों पर कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। बेवजह ईंधन जमा करने से न केवल अनावश्यक भीड़ और जाम की स्थिति पैदा हो रही है, बल्कि घरों में पेट्रोल का भंडारण सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरनाक हो सकता है। उन्होंने आम जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

