भवनाथपुर प्रखंड के पंडरिया पंचायत अंतर्गत नवही टोला निवासी सुरेंद्र कुमार उरांव की पत्नी संगीता देवी ने आयुष आरोग्यम मंदिर अस्पताल में एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है। इस अनोखी घटना से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। जानकारी के अनुसार संगीता देवी पहले से ही एक बच्चे की मां हैं और अब उनके परिवार में एक साथ तीन नए सदस्यों के आने से खुशियां दोगुनी हो गई हैं।अस्पताल के चिकित्सकों और नर्सों की देखरेख में महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। तीनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं। इनमें दो पुत्री और एक पुत्र शामिल हैं। एएनएम अचला कुमारी ने बताया कि तीनों बच्चों का जन्म सामान्य प्रक्रिया से हुआ है, जो कि एक दुर्लभ और सुखद घटना है।
डॉक्टरों की टीम ने बताया कि मां और तीनों नवजात की लगातार निगरानी की जा रही है और सभी की स्थिति सामान्य है। परिवार के लोगों ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त किया है। गांव में इस घटना की चर्चा हो रही है और लोग परिवार को बधाई दे रहे हैं।

