सगमा (गढ़वा): नशा मुक्ति अभियान के तहत धुरकी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना प्रभारी जनार्दन राऊत के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने सगमा प्रखंड के हरही टोला में छापेमारी कर लगभग 70 किलो जावा महुआ बरामद किया। साथ ही मौके पर अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों को भी नष्ट कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही इस धंधे में शामिल लोग फरार हो गए।
थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि क्षेत्र के सभी गांवों में लगातार नशा उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है और इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाना है। इसके साथ ही ग्रामीणों को नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूक किया जा रहा है, ताकि एक सुरक्षित और स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।

