
बंशीधर नगर(गढ़वा):राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर शहर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद 45 वर्षीय प्रियंका चौबे को मृत घोषित कर दिया। वहीं 45 वर्षीय अजीत चौबे की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार भवनाथपुर थाना क्षेत्र के सिंघिताली गांव निवासी अजीत चौबे अपनी पत्नी प्रियंका चौबे को लेकर श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के हलिवंता गांव स्थित ससुराल से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान बाजार क्षेत्र में विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रियंका चौबे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अजीत चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने ट्रक और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है तथा ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के घर और ससुराल में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। अस्पताल में घायलों का हालचाल जानने के लिए भाजपा नेता राजू सिंह, मंटू चौबे, शिवकुमार पांडेय, झामुमो नेता मुक्तेश्वर पांडेय, अमरनाथ पांडेय, आप नेता मंटू पांडेय सहित कई लोग पहुंचे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

