कांडी(गढ़वा):प्रखंड के शिवपुर पंचायत स्थित गरदाहा उच्च विद्यालय के पास राधे कृष्ण गौशाला परिसर में रविवार को झारखंड अग्निवीर संगठन द्वारा धर्म वापसी एवं धर्म जागरण यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी विकास दुबे ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संगठन के प्रमुख अधिवक्ता अमितेश चौबे द्वारा उपस्थित लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं गरीब एवं असहाय बुजुर्गों के बीच गर्म कपड़ों का वितरण भी किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास दुबे ने कहा कि कांडी क्षेत्र में गौशाला का अभाव है, जिसके कारण गोवंश असुरक्षित है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जो लोग पशुओं का पालन नहीं कर पा रहे हैं, वे पशुओं को गौशाला में लाकर छोड़ें ताकि उनकी उचित देखभाल हो सके। इस दौरान अमितेश चौबे ने कहा कि धर्म प्रचार की कमी के चलते झारखंड में धर्मांतरण बढ़ा है। अग्निवीर संगठन द्वारा सुंदरकांड पाठ एवं धार्मिक जागरण कार्यक्रम के माध्यम से समाज को पुनः जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में रानाडीह पंचायत के मुखिया ललित बैठा, पुजारी कामेश्वर पाठक सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

