केतार(गाढ़वा):देवों के देव महादेव की आराधना के पावन पर्व सावन मास की अंतिम सोमवारी पर केतार प्रखंड में भक्ति और आस्था का अद्भुत ज्वार देखने को मिला।इस अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध पंडा-ढाढ़रा नदी संगम तट पर श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर जल उठाया और एक विशाल जल यात्रा की शुरुआत की।जल उठाने के बाद हजारों की संख्या में श्रद्धालु केसरिया वस्त्र धारण कर भगवा झंडों के साथ पैदल भव्य जल यात्रा पर निकले।यह यात्रा केतार भवनाथपुर मुख्य मार्ग से भगवान घाटी होते हुए भवनाथपुर प्रखंड के पंडरिया पंचायत स्थित ऐतिहासिक शिव पहाड़ी गुफा मंदिर पहुंची।गुफा में विराजमान भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने विधिवत जलाभिषेक किया।इस दौरान पूरा इलाका ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा।
राहगीरों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष सेवा
पैदल चल रहे शिव भक्तों की सुविधा का भी खास ख्याल रखा गया।यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक व धार्मिक आयोजकों की ओर से जगह-जगह शरबत और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई थी। चिलचिलाती धूप के बीच इस सेवा ने श्रद्धालुओं की थकान दूर करने में अहम भूमिका निभाई, जिससे भक्तों में गजब का उत्साह देखा गया।सुरक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा।शिव पहाड़ी मंदिर समिति के सक्रिय सहयोग के बीच केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को संभालने में डटे रहे। पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी से यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। सावन की अंतिम सोमवारी पर निकली इस जल यात्रा ने एक बार फिर केतार- भवनाथपुर क्षेत्र को पूरी तरह शिवमय बना दिया, जहां हर उम्र के श्रद्धालुओं में अपार आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।

