कांडी(गढ़वा)कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कांडी में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 6 में नामांकन की प्रक्रिया को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन 17 फरवरी (मंगलवार) को पूर्वाह्न 11:30 बजे विद्यालय परिसर में किया गया है। विद्यालय की वार्डन-सह-शिक्षिका ने जानकारी देते हुए बताया कि उपायुक्त के आदेशानुसार वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए कक्षा 6 में कुल 75 रिक्त सीटों पर बालिकाओं के नामांकन के संबंध में विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इस बैठक में कांडी प्रखंड के प्रखंड प्रमुख, उपप्रमुख, जिला परिषद सदस्य, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य तथा आंगनबाड़ी सेविकाओं को आमंत्रित किया गया है।बैठक का मुख्य उद्देश्य पात्र बालिकाओं तक नामांकन से संबंधित जानकारी पहुँचाने की प्रभावी रणनीति तैयार करना है, ताकि अधिक से अधिक योग्य छात्राएं इस आवासीय विद्यालय में नामांकन का लाभ ले सकें। विद्यालय प्रशासन ने सभी आमंत्रित जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित सदस्यों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होकर सहयोग प्रदान करने की अपील की है। यह बैठक बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

