कांडी(गढ़वा):प्रखंड कार्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की अटकलों पर गुरुवार को विराम लग गया। दृष्टि यूथ ऑर्गेनाइजेशन के प्रधान सचिव शशांक शेखर ने उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए प्रखंड कार्यालय को कांडी में ही बनाए रखने की मांग रखी थी। ज्ञापन में उन्होंने उल्लेख किया कि कांडी एक स्थापित एवं सुव्यवस्थित प्रखंड है, जहां थाना, प्रखंड कार्यालय (बीडीओ/सीओ), कर्मचारियों के आवासीय भवन तथा सरकारी अस्पताल जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं। ऐसे में कार्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित करना आम जनता के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रखंड कार्यालय कांडी मुख्य बाजार के आसपास ही स्थापित किया जाएगा। उन्होंने तत्काल अंचल अधिकारी (सीओ) राकेश सहाय को फोन कर क्षेत्र में उपलब्ध भूमि का आकलन करने तथा शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही कांडी में ही उपयुक्त जमीन की पहचान सुनिश्चित करने को कहा। उपायुक्त के इस स्पष्ट रुख से क्षेत्र के लोगों में संतोष का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रखंड कार्यालय कांडी में ही रहने से प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा और लोगों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिलती रहेंगी।इस दौरान शशांक शेखर ने अवैध बालू परिवहन के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने बताया कि कई जगहों पर नाबालिग बच्चे बिना लाइसेंस ट्रैक्टर चला रहे हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से अवैध बालू परिवहन पर सख्ती से कार्रवाई करने तथा नाबालिग चालकों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से इस दिशा में ठोस पहल की उम्मीद जताई है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

