कांडी(गढ़वा):प्रखंड में रिक्त प्रखंड प्रमुख के पद के लिए आगामी 19 जनवरी को होने वाले चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार को गढ़वा सदर एसडीओ संजय कुमार ने स्वयं कांडी प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर पैनी नजर
निरीक्षण के दौरान सदर एसडीओ संजय कुमार ने निर्वाचन हेतु की गई विधिव्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बैलेट बॉक्स के सुरक्षित रखरखाव और मतदान केंद्र की सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश दिए। एसडीओ ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए दंडाधिकारियों और अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति के निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश सहाय को दिए गए हैं। उन्होंने बीडीओ राकेश सहाय को निर्देशित करते हुए एसडीओ ने कहा कि पंचायत समिति सदस्यों को मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ख्याल रखा जाए। तय कार्यक्रम के अनुसार, 19 जनवरी को सुबह 11:00 बजे से निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होगी, जो दोपहर लगभग 2:35 बजे तक चलेगी। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी तकनीकी और कागजी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। वहीं निरीक्षण के दौरान सदर एसडीओ ने कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करने की हिदायत दी। इस मौके पर मुख्य रूप से शाहिद अंसारी, अजीत कुमार, अनूप कुमार सहित प्रखंड कार्यालय के कई अन्य कर्मी और अधिकारी उपस्थित थे।
प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र में चर्चा है कि आगामी 19 जनवरी को प्रखंड प्रमुख का चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न होगा। अब सभी की नजरें सोमवार को होने वाले मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हैं।

