रविकांत चंद्रवंशी
केतार(गढ़वा): प्रखंड क्षेत्र के भगवान घाटी में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छड़ी (लोहे की रॉड) से लदा एक हाईवा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के पलटते ही छड़ी इधर-उधर बिखर गई और हाईवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में हाईवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला और उसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक अस्पताल भवनाथपुर भेजा। बताया जा रहा है कि भगवान घाटी में तीखे मोड़ और ढलान के कारण अक्सर वाहन हादसे का शिकार हो जाते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाटी क्षेत्र में सुरक्षा उपाय बढ़ाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

