बंशीधर नगर: श्री बंशीधर नगर थाना की ओर से नगर उंटारी बाजार एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट चल रहे आधा दर्जन से अधिक दोपहिया वाहनों को पुलिस ने जप्त कर चालान काटा। अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने किया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों के हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी कागजातों की भी जांच की।थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि अपराध नियंत्रण में भी बाधा उत्पन्न करता है। ऐसे वाहनों का इस्तेमाल अक्सर आपराधिक गतिविधियों में किया जाता है, जिससे पुलिस की जांच में कठिनाई आती है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अपने वाहनों में वैध नंबर प्लेट अवश्य लगवाएं और सभी जरूरी कागजात साथ रखें।पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के चेकिंग अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का समर्थन करते हुए कहा कि इससे सड़क सुरक्षा बढ़ेगी और दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।

