केतार सोन नदी में बहने के बाद लापता हुई 17 वर्षीय जूली कुमारी का शव सोमवार को श्रीनगर पुल के पास से बरामद किया गया। जूली कुमारी कांडी थाना क्षेत्र निवासी बबलू प्रसाद की पुत्री बताई गई है। वह केतार क्षेत्र के पाचाडुमर स्थित मां शायरी भगवती मंदिर में जलाभिषेक के लिए सोन नदी से जल लेने गई थी। जानकारी के अनुसार, सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर तीन युवतियां सोन नदी से जल लेने पहुंची थीं। इसी दौरान तेज धार की चपेट में आने से तीनों नदी में बह गईं। ग्रामीणों की तत्परता से एक युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि जूली कुमारी और खुशबू कुमारी लापता हो गई थीं।
घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों लापता छात्राओं की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में सोमवार को जूली कुमारी का शव श्रीनगर पुल के समीप नदी से बरामद किया गया।
जूली के शव के बरामद होने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, दूसरी लापता छात्रा खुशबू कुमारी की तलाश अब भी जारी है।
घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन की टीम दूसरी छात्रा की तलाश में सर्च अभियान चला रही है।

