रंजन यादव की रिपोर्ट
सगमा(गढ़वा): सगमा प्रखण्ड में धान क्रय केंद्र खुलने से क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। सोमवार को सगमा प्रखण्ड के बीरबल गांव में भारत सरकार द्वारा संचालित एफपीओ के अधीन सखी फार्मर प्राइवेट लिमिटेड, बीरबल केंद्र में धान अधिप्राप्ति केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम दीप प्रज्वलन एवं विधिवत पूजा-पाठ के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य नंदगोपाल यादव, प्रखण्ड प्रमुख अजय शाह, बीरबल पंचायत के मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी ओम प्रकाश सिंह, सोनडीहा पंचायत के मुखिया पति हनुमंत यादव तथा जनार्दन प्रसाद यादव उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रखण्ड प्रमुख अजय शाह ने कहा कि सरकार द्वारा धान क्रय केंद्र खोलने में थोड़ी देरी अवश्य हुई है, लेकिन “देर आए दुरुस्त आए की कहावत यहां पूरी तरह चरितार्थ होती है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के खुलने से सगमा प्रखण्ड के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी। इसके लिए उन्होंने किसानों की ओर से सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं पूर्व जिला परिषद सदस्य नंदगोपाल यादव ने कहा कि धान क्रय केंद्र शुरू होने से किसानों को अपने उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा। बीरबल पंचायत के मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा ने सभी किसानों से अपील की कि वे इस केंद्र के माध्यम से अपना धान बेचें और सरकार द्वारा तय समर्थन मूल्य का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य 23 रुपये 69 पैसे है, जबकि अधिप्राप्ति मूल्य 24 रुपये 50 पैसे रखा गया है। साथ ही सरकार की घोषणा के अनुरूप धान बेचने के तीन दिनों के भीतर किसानों के खाते में राशि जमा कर दी जाएगी।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी ओम प्रकाश सिंह, धान अधिप्राप्ति केंद्र के निदेशक विकास कुमार श्रीवास्तव तथा केंद्र संचालक विपुल कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे। क्रय केंद्र के पहले ही दिन सिवपुजन यादव, देव नारायण गुप्ता, मालदीव यादव, रामनाथ यादव, हरगोविंद शाह, नागवंत यादव, बलवंत यादव, राजकिशोर यादव, मनमोहन यादव एवं प्रेमचंद यादव सहित कई किसानों ने अपना धान बेचकर इस सुविधा का लाभ उठाया।

