मझिआंव (गढ़वा)किसान मजदूरों व आम जनता की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर क्रांतिकारी किसान मजदूर यूनियन के बैनर तले सोमवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरना का नेतृत्व क्रांतिकारी किसान मजदूर यूनियन के प्रखंड अध्यक्ष अशोक पाल उर्फ बिंदेश्वरी पाल ने किया।
धरना के माध्यम से यूनियन ने माननीय मुख्यमंत्री झारखंड सरकार के नाम 14 सूत्री मांग पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल पदाधिकारी श्रीमती कनक को सौंपा। मांग पत्र में पूर्व ग्राम पंचायत खजुरी नावाडीह, बिरबंधा, भुसुआ, आमर सहित अन्य गांवों को मझिआंव नगर पंचायत में शामिल किए जाने से किसानों को हो रही परेशानियों का उल्लेख किया गया। यूनियन का कहना है। कि खेती-किसानी पर निर्भर इन गांवों को नगर पंचायत में शामिल किए जाने से ग्रामीणों को न तो शहरी सुविधाएं मिल रही हैं। और न ही ग्रामीण योजनाओं का लाभ मिल पा रहा है। साथ ही किसानों पर शहरी टैक्स का बोझ बढ़ गया है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मझिआंव नगर पंचायत से पूर्व खजुरी नावाडीह ग्राम पंचायत को बाहर करने, खजुरी जलाशय योजना के अधूरे नहर कार्य को मुआवजा देकर पूरा करने, वन पट्टा व सामुदायिक पट्टा देने, त्रुटिपूर्ण हाल सर्वे रद्द करने, रजिस्टर-2 के तहत जमीन ऑनलाइन कर रसीद निर्गत करने, भूमि बैंक को रद्द करने, किसानों का होल्डिंग टैक्स, बिजली बिल व कर्ज माफी, भूमिहीन मजदूर किसानों को जमीन वितरण सहित अन्य मांगें शामिल हैं।धरना प्रदर्शन में इबरार खान, शर्मा पाल, सूर्यदेव सिंह, बैजनाथ राम, महेश रजवार, विनय पाल, सरवर खान, सीमा देवी, चिंता देवी, सुगिया देवी, देवंती देवी, अंजनी देवी, दुर्गा देवी, गीता देवी समेत सैकड़ों किसान व मजदूर शामिल हुए। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

