श्री बंशीधर नगर। झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को ऐतिहासिक श्री बंशीधर मंदिर पहुंचकर भगवान श्री बंशीधर जी की पूजा-अर्चना की और झारखंड में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंदिर में पंडित रामसकल मिश्र के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राज्यपाल ने विधिवत पूजा-अर्चना की और भगवान श्री बंशीधर जी की आरती उतारी। पूजा के दौरान भगवान श्री बंशीधर जी की मनमोहक प्रतिमा के दर्शन कर राज्यपाल काफी अभिभूत नजर आए। उन्होंने कहा कि आज बाबा बंशीधर जी का दर्शन और पूजन कर वे स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। पूजा-अर्चना के बाद विधायक अनंत प्रताप देव एवं श्री बंशीधर सूर्य मंदिर के प्रधान ट्रस्टी राजेश प्रताप देव ने राज्यपाल को चुनरी भेंट कर मंदिर में स्वागत किया। इससे पूर्व श्री बंशीधर धाम पहुंचने पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राज्यपाल का बुके भेंट कर अभिनंदन किया। राज्यपाल के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
इस दौरान उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा, एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, बीडीओ रोशन कुमार, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल, नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी, उपाध्यक्ष संध्या देवी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
श्री बंशीधर मंदिर में राज्यपाल ने टेका मत्था, झारखंड की खुशहाली के लिए की प्रार्थन

