केतार(गढ़वा):झारखंड आंदोलन के प्रणेता,पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि मंगलवार को केतार स्थित लोहिया समता उच्च विद्यालय परिसर स्थित स्टेडियम प्रांगण में पूरी श्रद्धा,सम्मान और सेवा भाव के साथ मनाई गई। इस दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने भारी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का शुभारंभ दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित और माल्यार्पण कर किया गया। इसके उपरांत उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाते हुए सेवा कार्यों का आयोजन किया गया,जिसमें जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ियों का वितरण किया गया। साथ ही,उपस्थित आमजनों और जरूरतमंदों के लिए सामूहिक भोज (महाप्रसाद) का भी आयोजन किया गया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए झामुमो प्रखंड अध्यक्ष लालेश्वर राम ने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन झारखंड की जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा गरीब, आदिवासी, मूलवासी और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया था। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु का संघर्ष, त्याग और जनसेवा का यह मार्ग आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्त्रोत रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गुरु जी के आदर्शों पर चलने, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की विकास योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से झामुमो प्रखंड सचिव छोटन कुमार सिंह,विधायक प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद, उप प्रमुख शंभू सिंह, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, संगठन सचिव संजय वर्मा, मुखिया प्रतिनिधि मनोरंजन प्रसाद गुप्ता, झामुमो नेता शिवकुमार सिंह, राम विचार साहू, बिंदु राम, नागेंद्र ठाकुर, कमलेश यादव, अजय राम, अक्षय कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

