केतार(गढ़वा):भवनाथपुर वन विभाग ने शुक्रवार को पाचाडूमर सुरक्षित वन क्षेत्र की भूमि पर अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। चांदडीह गांव निवासी परीखा पासवान द्वारा राजघाट चिरकुटहा बाबा के समीप वन भूमि पर जबरन मकान का निर्माण किया जा रहा था।सूचना मिलते ही वन क्षेत्र पदाधिकारी प्रमोद कुमार के निर्देश पर वनपाल सुनील राय के नेतृत्व में वन विभाग की टीम और केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।जांचोपरांत पूर्व से वन क्षेत्र में अतिक्रमण कर पक्का का घर निर्माण हो रहे प्लिंथ का बुलडोजर के मदद से ध्वस्त किया गया। विभाग ने भारतीय वन अधिनियम के तहत वन वाद दर्ज कर लिया है।वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षित वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भूमि की सुरक्षा के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। इस दौरान वनपाल अनुप सिंह, राकेश कुमार, ओम प्रकाश उरांव,और दया शंकर सिंह सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।विभाग ने आम लोगों से वन संपदा के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की है।

