श्री बंशीधर नगर(गढ़वा):श्री बंशीधर नगर जंगीपुर ग्राम के उरांव परिवार की कथित रूप से कब्जाई गई जमीन वापस दिलाने की मांग को लेकर 8 अगस्त (शनिवार) को श्री बंशीधर नगर में जन-आंदोलन आयोजित किया जाएगा। आंदोलन के संयोजक कन्हैया चौबे ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं आम नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों के अनुसार, वर्ष 2016 से जमीन वापसी के लिए लगातार संघर्ष किया जा रहा है। उनका कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभागों को कई बार आवेदन एवं ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में अब जन-आंदोलन का निर्णय लिया गया है। आंदोलन के तहत 8 अगस्त 2026 को सुबह 8 बजे श्री बंशीधर नगर के गोसाईंबाग मैदान में लोग एकत्रित होंगे। इसके बाद अनुमंडल कार्यालय तक मार्च निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। कन्हैया चौबे ने भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

