
धुरकी (गढ़वा): धुरकी प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय बैगाडीह की विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष पांडे कोरवा एवं संयोजिका मुन्नी देवी ने प्रधानाध्यापक सह सचिव हिरामन प्रसाद यादव पर एक लाख 13 हजार रुपये की कथित अनियमित निकासी का आरोप लगाते हुए बीडीओ को आवेदन सौंपा है। आवेदन में कहा गया है कि सचिव ने सादे चेक पर हस्ताक्षर करवाकर बैंक से एक लाख 13 हजार रुपये की निकासी कर ली, जबकि 18 हजार रुपये निकालने की बात कही गई थी। मामले की जानकारी मिलने पर दोनों बैंक पहुंचकर स्टेटमेंट निकलवाए, जिसमें अधिक राशि की निकासी सामने आई। आवेदन में बताया गया है कि वे दोनों अनपढ़ तथा आदिम जनजाति से हैं। पूछने पर सचिव ने कथित रूप से बताया कि राशि विभागीय अधिकारियों को देने के लिए निकाली गई है। अध्यक्ष एवं संयोजिका ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

