बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर में अब तक हुये व्यवसायी संघ के चुनाव में चेंबर के कार्यकारी अध्यक्ष शंभूनाथ सौदागर का दबदबा रहा है। श्री बंशीधर नगर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र अक्टूबर 26 से सितंबर 2028 के लिये हो रहे चुनाव में शंभूनाथ सौदागर चौथी बार अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमाने के लिये कमर कस कर चुनाव मैदान में उतरने वाले हैं।इसके लिये वे अंदर खाने से अपना गुना गणित करने में लगे हुये हैं। व्यवसायी संघ के चुनाव पर गौर करें तो सबसे पहले श्री बंशीधर नगर में वर्ष 2019 में व्यवसायी संघ का गठन किया गया था। उस समय श्री बंशीधर नगर के व्यवसायियों ने सर्वसम्मति से शंभूनाथ सौदागर को अध्यक्ष चुना था। मधुरभाषी, सरल एवं कर्मठ होने के साथ साथ व्यवसायियों पर अच्छी पकड़ होने के कारण शंभूनाथ सौदागर सबके चहेते बन गये। इसी का परिणाम रहा कि वर्ष 2021 में पलामू चेंबर ऑफ कॉमर्स के बैनर तले हुये श्री बंशीधर नगर चेंबर के चुनाव में शंभूनाथ सौदागर ने बड़ी जीत हासिल की। उसके बाद से शंभूनाथ सौदागर की लोकप्रियता और बढ़ गई। पुनः 2023 में पलामू चेंबर झारखंड चेंबर से संबद्ध होने के बाद कारण हुये चुनाव में शंभूनाथ सौदागर फिर सर्वसम्मति से अध्यक्ष घोषित किये गये। पिछले वर्ष चुनाव के लिये तिथि निर्धारित होने के बाद नामांकन के दौरान विवाद उत्पन्न होने के कारण चुनाव पदाधिकारी के द्वारा चुनाव स्थगित कर दिया गया था। अब सत्र अक्टूबर 26 से सितंबर 2028 के लिये चुनाव प्रक्रिया चल रही है। शनिवार से नामांकन पत्रों की बिक्री हो रही है।इस बार का चुनाव सीधे अध्यक्ष, सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों के लिये नहीं बल्कि इसबार चुनाव प्रक्रिया के जरिये 11 कार्यकारिणी सदस्यों का चयन किया जायेगा, इसके बाद चुने गये कार्यकारिणी सदस्य ही अध्यक्ष, सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों का चयन करेंगे। चुनाव में शंभूनाथ सौदागर भी चौथी बार कुर्सी पर कब्जा जारी रखने के लिये चुनावी समर में कूदने वाले हैं। अब देखना है कि शंभूनाथ सौदागर चौथी बार कुर्सी पर कब्जा जमाने में सफल हो पाते हैं या नहीं यह आने वाला समय बतायेगा।

