रंका(गढ़वा):लार्सन एंड टुब्रो (एल एण्ड टी) एवं बदलाव फाउंडेशन एवं बदलाव फाउंडेशन के सहयोग से संचालित “नयी दिशा – विलेज डेवलपमेंट प्रोग्राम” के अंतर्गत रंका प्रखंड के सोनदाग पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सोनदाग, गौराटीकर टोला में नि:शुल्क सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया।इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, सामान्य बीमारियों की समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
शिविर का उद्घाटन सोंदाग पंचायत की मुखिया श्रीमती रीमा देवी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
शिविर के दौरान रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा टीम के सहयोग से विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही टीबी जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच, नियमित उपचार एवं पोषण के महत्व पर विस्तृत जानकारी साझा की गई।शिविर में पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप एवं शुगर की जांच, खांसी, सर्दी, बुखार एवं अन्य सामान्य रोगों की जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त नेत्र जांच एवं दंत जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे ग्रामीणों को समग्र स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।
लार्सन एंड टुब्रो (एल एण्ड टी) के सहयोग से शिविर में आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया, जिससे जरूरतमंद ग्रामीणों को बिना किसी शुल्क के आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही गंभीर अथवा विशेष उपचार की आवश्यकता वाले मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों के लिए रेफरल सेवाएं भी प्रदान की गईं। कार्यक्रम के दौरान चिन्हित 6 टीबी मरीजों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट का वितरण भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ-साथ बेहतर पोषण उपलब्ध कराना तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहयोग देना है।इस पहल के माध्यम से बड़ी संख्या लगभग 207 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
शिविर के सफल आयोजन में बदलाव फाउंडेशन के संस्थापक सचिव श्री भजरंग सिंह, अभिजीत, नेहा कुमारी, मनोज कुमार, मो० एख़लाक , रितेश त्रिपाठी एवं अमित सिंह सहित पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा टीम के सहयोग से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। नयी दिशा – विलेज डेवलपमेंट प्रोग्राम” का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना तथा गुणवत्तापूर्ण सेवाओं तक लोगों की पहुंच सुनिश्चित करना है। लार्सन एंड टुब्रो (एल एण्ड टी) एवं बदलाव फाउंडेशन भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में स्थायी एवं सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

