
सगमा(गढ़वा):एक शादी समारोह में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना 27 अप्रैल की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, धुरकी थाना क्षेत्र के सोनडीहा दक्षिण गांव निवासी धर्मन यादव के घर से डंडई थाना क्षेत्र के रारो गांव स्थित लक्ष्मण यादव के घर बारात गई थी। नाश्ता-पानी के बाद जनवासे में दूल्हा दीपक यादव के पास रिश्तेदारों और दोस्तों की भीड़ जुटी थी। इसी दौरान दूल्हे के रिश्ते में मामा के बेटे रविंद्र यादव दूल्हे को जबरन चश्मा पहनाने की कोशिश कर रहे थे, जबकि दूल्हा बार-बार मना कर रहा था। तभी सोनडीहा गांव निवासी मुकेश यादव ने इसका विरोध करते हुए कहा कि जब दूल्हा खुद चश्मा नहीं पहनना चाहता तो जबरदस्ती क्यों की जा रही है।
इसी बात को लेकर रविंद्र और मुकेश के बीच कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। लेकिन कुछ देर बाद मुकेश को अकेला पाकर रविंद्र यादव ने उस पर हमला कर दिया। देखते ही देखते जनवासे का माहौल तनावपूर्ण हो गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि रविंद्र ने मुकेश की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए डंडई अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई। सुबह जब मुकेश का शव गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के परिजनों ने धुरकी थाना में आवेदन देकर आरोपी रविंद्र यादव (पुत्र कामेश्वर यादव, ग्राम धूमा, थाना विंढमगंज, सोनभद्र) के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है। थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस दौरान मौके पर पूर्व जीप सदस्य नंदगोपाल यादव, प्रखंड प्रमुख अजय साव, बीरबल मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा, सोनडीहा मुखिया प्रतिनिधि हनुमंत कुमार यादव, दीपक यादव, योगेंद्र यादव, दशरथ बैठा सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

