रंका(गढ़वा):बदलाव फाउंडेशन के द्वारा गढ़वा जिला के रंका अनुमंडल मुख्यालय स्थित बीआरसी रंका के अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भलुवानी गांव में स्कूल स्वच्छता जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 60 किशोरियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जहां उनके साथ बेहतर स्वास्थ्य एवं मासिक धर्म स्वच्छता (मेंस्ट्रुअल हाइजिन) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं के साथ संवाद स्थापित करते हुए बदलाव फाउंडेशन के संस्थापक सचिव ने भी महत्वपूर्ण विचार साझा किए। उन्होंने किशोरियों को समझाया कि अच्छा स्वास्थ्य क्यों आवश्यक है तथा शिक्षा और स्वास्थ्य के बीच गहरा संबंध किस प्रकार उनके समग्र विकास में सहायक होता है। यह अभियान लार्सन एंड टूब्रो के सहयोग से संचालित “नई दिशा” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस पहल को न केवल विद्यालय के शिक्षकों और छात्राओं ने सराहना किए, बल्कि पूरे समुदाय ने भी इसे सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए खुशी व्यक्त की।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और आत्म-जागरूकता को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर यह भी रेखांकित किया गया कि किशोरियों का एकजुट होना और उनकी प्रतिभा को निखारना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, वहीं समाज का भी यह कर्तव्य है कि विद्यालय परिसर में सभी बच्चे—लड़कियाँ और लड़के—स्वच्छता के महत्व को समझें और उसे अपने जीवन में अपनाएं।
बदलाव फाउंडेशन द्वारा इस प्रकार के प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे, ताकि एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

