केतार(गढ़वा):स्थानीय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के मेधावी छात्र-छात्राओं ने 8वीं बोर्ड की परीक्षा में शानदार सफलता अर्जित कर विद्यालय और अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया है। परीक्षा में विद्यालय के 11 विद्यार्थियों ने सभी विषयों में A+ ग्रेड प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।विद्यालय प्रांगण में आयोजित सम्मान समारोह में इन मेधावियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय संरक्षक कन्हाई प्रसाद,अध्यक्ष रामविचार साहू, कोषाध्यक्ष रविंजन प्रसाद,उपाध्यक्ष विनोद भगत और प्रधानाचार्य मनोज कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय अध्यक्ष रामविचार साहू ने कहा,”इन बच्चों की सफलता केवल अंक तालिका तक सीमित नहीं है,बल्कि यह उनके अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।” उन्होंने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि अब अगला लक्ष्य 10वीं बोर्ड में राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाना चाहिए। विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा सम्मानित किए गए मेधावी विद्यार्थियों में उज्ज्वल कुमार पाल, निशी पाल, कुमारी प्रिया गुप्ता, आयुषी कुमारी, प्रियांशु कुमारी, स्नेहा कुमारी, कृतिका कुमारी, रानू कुमारी, काजल कुमारी, मिशा कुमारी और पूर्णिमा कुमारी शामिल हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि बच्चों की इस उपलब्धि के पीछे उनके गुरुजनों का मार्गदर्शन और अभिभावकों का विश्वास है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और बच्चों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।

