श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर रेलवे स्टेशन के करीब में रमना गम्हरिया गांव के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पुलिस प्रथम दृष्टया ट्रेन से कटकर मौत होने की आशंका जता रही है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक की पहचान रमना थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव निवासी मोहन गुप्ता के 25 वर्षीय पुत्र प्रमोद कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रमोद गुरुवार को किसी कार्य से श्री बंशीधर नगर गया था। दोपहर करीब दो बजे नगर ऊंटारी रेलवे स्टेशन के पश्चिम रेलवे ट्रैक के पास एक युवक के कटने की सूचना रेलवे पुलिस को मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर कोई शव नहीं मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि कुछ लोग वहां से एक शव ले जाते देखे गए थे। परिजनों के अनुसार सूचना मिलने पर वे घटनास्थल पहुंचे, लेकिन वहां शव नहीं मिला। बाद में प्रमोद का शव जंगीपुर स्थित माइनर ग्राउंड के समीप पुल के नीचे बरामद हुआ। इसके बाद स्वजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की गहन जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ दिन पूर्व मृतक के परिवार का भूमि विवाद भी हुआ था। पुलिस इस पहलू को भी जांच के दायरे में रखकर पड़ताल कर रही है। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से कटने का प्रतीत होता है, लेकिन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। इधर, पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को प्रमोद का शव स्वजनों को सौंप दिया गया। शव गांव पहुंचने पर हत्या के खुलासे की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने गम्हरिया पहुंची रमना थाना पुलिस के वाहन का घेराव कर दिया। हालांकि स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के समझाने-बुझाने के बाद लोग शांत हुए और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

