बंशीधर नगर : एनएच-39 फोरलेन सड़क पर गुरुवार की रात हुये दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार श्री बंशीधर नगर नगर थाना क्षेत्र के हेन्हो गांव निवासी धर्मेंद्र प्रसाद (50), श्री बंशीधर नगर निवासी संजय राय (45) और हेन्हो निवासी विजय साह (40) कोल्हुआ से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-39 फोरलेन सड़क पार करने के क्रम में पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाईक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुये सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया गया। उधर इलाज के दौरान 45 वर्षीय संजय राय जिंदगी की जंग हार गये। बताया जाता है कि संजय राय शादी-विवाह में खाना बनाने का काम करते थे और अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया। साथ ही मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

