
सगमा(गढ़वा):धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने धुरकी एवं सगमा क्षेत्र के लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए लोगों को जागरूक होना बेहद जरूरी है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट के वाहन नहीं चलाना चाहिए, क्योंकि दुर्घटना के समय हेलमेट जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
थाना प्रभारी ने कहा कि बाइक चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले दोनों लोगों को हेलमेट पहनना अनिवार्य है। कई लोग छोटी दूरी का हवाला देकर बिना हेलमेट वाहन चलाते हैं, लेकिन हादसे कभी भी हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील करते हुए कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है और ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।थाना प्रभारी ने बताया कि धुरकी थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान लगातार चलाया जाएगा। बिना हेलमेट, तेज रफ्तार, ट्रिपल लोडिंग और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

