हरिहरपुर(गढ़वा):स्थित बली बाबा धाम में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने बली बाबा (ब्रह्म बाबा) का दर्शन-पूजन किया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद लिया।सांस्कृतिक कार्यक्रम से पूर्व विधिवत शिव ध्वज फहराया गया। कार्यक्रम का संयुक्त रूप से शुभारंभ सागर प्रजापति, चनर पासवान, संजीत सिंह एवं नवीन शुक्ला ने किया। मौके पर विकास सिंह, रोहित सिंह, अजित सिंह, संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मेले में जादूगर विजय हिन्द ने एक से बढ़कर एक जादुई करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके कार्यक्रम में चॉकलेट व मिठाई वितरण के साथ सिर पर आग जलाकर चाय बनाने जैसे अद्भुत प्रयोग शामिल रहे, जिन्हें देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। मंच संचालन अजित सिंह एवं नीरज सिंह ने किया। उत्कृष्ट कलाकारी के लिए विजय हिन्द एवं उनकी टीम को अंगवस्त्र, शील्ड तथा अनेक उपहार देकर सम्मानित किया गया। गौरतलब है कि विजय हिन्द कई भोजपुरी फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं और जादूगरी में उन्हें विशेष महारत हासिल है। मेला समिति के अध्यक्ष अजित सिंह ने कहा कि बली बाबा के दरबार में जो भी भक्त सच्ची श्रद्धा से मनोकामना लेकर आता है, उसकी कामना बाबा जी अवश्य पूर्ण करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में इस स्थल को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है, जिसके लिए क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव से मांग रखी गई है, जिस पर सकारात्मक आश्वासन भी प्राप्त हुआ है।

