हरिहरपुर:ओपी क्षेत्र के मझिगावां गांव में दबंगों के हमले में मारे गए 50 वर्षीय जोखन राम का पार्थिव शरीर रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। सोन नदी के तट पर हुए अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। परिजनों के करुण क्रंदन और ग्रामीणों की नम आंखों ने इस दर्दनाक घटना की गंभीरता को बयां कर दिया।बताया जाता है कि मझिगावां के भेलवा खांड़ी टोला निवासी जोखन राम पर शनिवार की रात गांव के ही एक दबंग परिवार ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। इस हमले में जोखन राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज जारी है।घटना के पीछे मनरेगा के तहत चल रही एक सड़क निर्माण योजना को तात्कालिक कारण बताया जा रहा है। हालांकि परिजनों का कहना है कि पुरानी रंजिश के कारण सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। घटना की सूचना मिलते ही हरिहरपुर ओपी प्रभारी नसीम अंसारी ने तत्परता दिखाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा। साथ ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रामध्यान राम, सुदीप राम (जो झारखंड पुलिस में हजारीबाग में पदस्थापित है), राधेश्याम राम, परीखा राम, रमेश राम और मुकेश राम उर्फ मुन्ना शामिल हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए गढ़वा जेल भेज दिया गया है।उधर दोनों पक्ष से प्राथमिकी दर्ज किया गया है। शेष फरार आरोपी की पुलिस खोज बिन कर रही है। मृतक के पुत्र नीतीश कुमार ने पुलिस को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने भी आश्वासन दिया है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।घटना की गंभीरता को देखते हुए श्री बंशीधर नगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह और भवनाथपुर के पुलिस इंस्पेक्टर गुलाब सिंह भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। एसडीपीओ ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। रविवार की शाम जब जोखन राम का अंतिम संस्कार किया गया, तो उनका छोटा पुत्र आकाश कुमार अपने पिता को मुखाग्नि देते हुए फूट-फूटकर रो पड़ा। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। गांव में शोक और भय का माहौल व्याप्त है, वहीं लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

