
सगमा(गढ़वा):धुरकी थाना पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ पहुंचकर उसके घर न्यायालय द्वारा निर्गत इश्तहार चस्पा किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपी ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत थाना या न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं किया, तो उसके घर एवं संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। धुरकी थाना पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई थाना कांड संख्या 55/25, दिनांक 09/05/2026, धारा 137(2)/96 बीएनएस के तहत दर्ज मामले के आरोपी के विरुद्ध की गई है। आरोपी की पहचान श्रवण साव उर्फ दिनेश, पिता लक्ष्मी शाह, निवासी वार्ड नंबर 11, कदरी, थाना चांदो, जिला बलरामपुर, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है।
धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि आरोपी करीब 1 वर्ष से फरार चल रहा है। आरोपी के विरुद्ध माननीय न्यायालय से इश्तहार निर्गत होने के बाद एएसआई शेखर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल छत्तीसगढ़ पहुंचा और आरोपी के घर पर न्यायालय के आदेश की प्रति चस्पा की गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि इश्तहार चस्पा किए जाने के बावजूद यदि आरोपी थाना या माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो अगली कार्रवाई के तहत आरोपी के घर एवं संपत्ति की कुर्की की जाएगी।
उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों के खिलाफ धुरकी पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

