सगमा(गढ़वा):धुरकी थाना क्षेत्र के बीरबल गांव में एक सड़क दुर्घटना में पुतुर गांव निवासी 45 वर्षीय बिगन बैठा गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे बिगन बैठा अपने दोपहिया वाहन से मुड़ी सेमर बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बीरबल चौराहे के पास अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और बाइक पास के एक मकान की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके माथे, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख अजय साह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से घायल को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल श्री बंशीधर नगर भेजा गया है।

