केतार:प्रखंड अंतर्गत ताली गांव निवासी 83 वर्षीय कईल साह का शव अहले सुबह चटनिया डैम में तैरता हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गांव में मातमी सन्नाटा के साथ परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।परिजनों के अनुसार, कईल साह बुधवार को बनिहार श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कंबल लेने के लिए घर से निकले थे।उम्र अधिक होने के बावजूद ठंड से बचने की मजबूरी उन्हें कार्यक्रम स्थल तक खींच ले गई।लेकिन शाम ढलने तक जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। रात भर परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश में इधर-उधर भटकते रहे, पर कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार की सुबह गांव के कुछ लोग जब चटनिया डैम की ओर गए, तो पानी में एक शव तैरता दिखाई दिया।यह खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जब शव का शिनाख्त हुआ तो परिजनों में कोहराम मच गया।इसके बाद शव को डैम से बाहर निकालकर घर लाया गया।घटना की सूचना मिलते ही केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की कार्रवाई शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही थी।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
इस घटना ने पूरे केतार क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक साधारण कंबल पाने की कोशिश में एक बुजुर्ग की जान चला जाना, व्यवस्था और हालात दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।गांव में हर आंख नम है और हर जुबां पर बस एक ही सवाल आखिर ऐसा क्यों हुआ? इस मौके पर जिला परिषद सदस्य ज्वाला प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

