कांडी(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत काचर गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र सड़की-1 की सेविका उषा देवी ने अंचलाधिकारी कांडी को लिखित आवेदन देकर सरकारी भूमि पर बने आंगनबाड़ी केंद्र से अतिक्रमण हटाने की मांग की है।दिए गए आवेदन में सेविका ने बताया कि गांव के ही निवासी राजेश्वर यादव ने तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी की मिलीभगत से मौखिक रूप से सड़की में कार्य करवाया था। साथ ही काचर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के रखरखाव की जिम्मेदारी भी दी गई थी।सेविका का आरोप है कि सड़की गांव निवासी राजेश्वर यादव एवं बबीता देवी द्वारा जबरन आंगनबाड़ी केंद्र में भूसा रखा जा रहा है। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट एवं झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है। उषा देवी ने आवेदन के माध्यम से केंद्र को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा संबंधित अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके ।इस संबंध में अंचलाधिकारी राकेश सहाय ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद राजस्व उप निरीक्षक संदीप, मुखिया विजय एवं पंचायत समिति सदस्य अनूप के साथ स्थल जांच की गई, जिसमें शिकायत सही पाई गई। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है, जिसमें सरकारी भवन का निजी उपयोग किया जा रहा है। अतिक्रमणकारियों को 48 घंटे के भीतर केंद्र खाली करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय में केंद्र खाली नहीं करने पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

