बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के नरखोरिया गांव में दिनदहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। नरखोरिया गांव निवासी स्व जय गोविंद महतो के 50 वर्षीय पुत्र उमेश मेहता को अज्ञात अपराधी ने दुकान में घुसकर गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल उमेश मेहता को आनन फानन में अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देख बारह रेफर कर दिया। घायल उमेश मेहता ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी एक युवक आया और सिगरेट व गुटखा मांगा। इसी दौरान अचानक उसने हथियार निकालकर उन पर गोली चला दी।गोली उनके बाएं कंधे में लगी और आर-पार हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।उधर अस्पताल की डीएस डॉ सुचित्रा कुमारी ने बताया कि घायल की स्थिति अभी नियंत्रण में है, लेकिन बेहतर इलाज के लिये उन्हें गढ़वा रेफर कर दिया गया है। उधर घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

