धुरकी(गढ़वा): धुरकी पुलिस द्वारा सामाजिक सरोकार के तहत समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को धुरकी थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांव लेखनी धौरा एवं भंडार में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि पुलिस अधीक्षक गढ़वा के निर्देश एवं मार्गदर्शन में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न कानूनों एवं सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे अनजाने में किसी अपराध का हिस्सा न बनें।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, मद्य निषेध अधिनियम, डायन प्रथा प्रतिषेध कानून तथा आपातकालीन सेवा डायल-112 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि कई बार जानकारी के अभाव में ग्रामीण कानूनों का उल्लंघन कर बैठते हैं, जिससे उन्हें कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सामाजिक पुलिसिंग के माध्यम से लोगों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों में जागरूकता फैलाना तथा उन्हें सामाजिक कुरीतियों और अपराधों से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। मौके पर पंचायत प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

