धुरकी(गढ़वा):धुरकी थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में धुरकी बाजार में गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 150 किलोग्राम जावा महुआ एवं शराब निर्माण में उपयोग की जाने वाली अन्य सामग्रियों को बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध शराब के कारोबार को फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और समय-समय पर विशेष छापेमारी अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और कई लोगों के खिलाफ अब तक कानूनी कार्रवाई भी की जा चुकी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे। थाना क्षेत्र में सक्रिय शराब कारोबारियों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

