हरिहरपुर(गढ़वा):चैत्र रामनवमी के पावन अवसर पर ओपी क्षेत्र अंतर्गत मझिगावां पंचायत में भास्कर युवा क्लब मझिगावां बस्ती के बैनर तले भव्य रामदरबार की झांकी एवं रामनवमी जुलूस निकाला गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।झांकी का शुभारंभ गांव के देवी धाम मंदिर से किया गया, जो पंचायत के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः देवी धाम मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुआ। जुलूस के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान के सजीव रूपों ने लोगों का मन मोह लिया। श्रद्धालु जगह-जगह झांकी का स्वागत करते हुए फूलों की वर्षा कर रहे थे।इस दौरान ग्रामीणों ने रामदरबार में सजे भगवान के स्वरूप की विधिवत पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में भास्कर युवा क्लब के सदस्यों सहित स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही। पूरे आयोजन में शांति एवं सौहार्द का माहौल बना रहा।इस दौरान हरिहरपुर ओपी पुलिस शांति व्यवस्था बनाने में तैनात रही।

