हरिहरपुर(गढ़वा):कांडी प्रखंड क्षेत्र के श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में बुधवार की देर शाम चैता दुगोला कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकगायन की परंपरा को जीवंत करते हुए महावीर यादव और भोला भयंकर व्यास के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद सदस्या प्रतिनिधि उत्तरी दिनेश कुमार, युवा समाजसेवी पंकज सिंह, ओपी प्रभारी नसीम अंसारी, नारायण यादव तथा मझिगवां पश्चिमी बीडीसी सुनील यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। दुगोला के दौरान दोनों कलाकारों ने एक से बढ़कर एक चैता प्रस्तुत कर श्रोताओं को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। लोकगीतों की मधुर धुन और पारंपरिक अंदाज ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय और सांस्कृतिक बना दिया। कार्यक्रम में महावीर यादव को विजेता घोषित किया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में कमिटी के सूरज तहलका, मझिगवां मुखिया प्रतिनिधि शंभूनाथ साह, अरुण मिश्रा, सुरेन्द्र रजवार, समेश यादव, राजेश शर्मा सहित कई लोगों का सराहनीय योगदान रहा। वहीं पूरे आयोजन के दौरान हरिहरपुर पुलिस की सक्रिय भूमिका से शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनी रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

