डेस्क रिपोर्ट
सगमा/धुरकी (गढ़वा): धुरकी प्रखंड के राजकीय कन्या मध्य विद्यालय में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन को लेकर विवाद गहरा गया है। चुनाव प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता, नियमों की अनदेखी और पक्षपात का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) को हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपकर पूरे चुनाव को रद्द करने तथा निष्पक्ष तरीके से दोबारा चुनाव कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि 30 जुलाई 2026 को हुए एसएमसी चुनाव में शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया। आवेदन के अनुसार, चुनाव की सूचना सभी अभिभावकों तक नहीं पहुंचाई गई, जिसके कारण बड़ी संख्या में अभिभावक चुनाव प्रक्रिया से वंचित रह गए। ग्रामीणों का कहना है कि सीमित लोगों की मौजूदगी में जल्दबाजी में समिति का गठन कर दिया गया।
सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया है कि स्कूल प्रबंधन समिति में एक ही परिवार के पांच सदस्यों को शामिल कर दिया गया, जिससे पूरी चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सभी अभिभावकों को समय पर सूचना दी जाती तो लोकतांत्रिक और पारदर्शी तरीके से प्रतिनिधियों का चयन होता।

ग्रामीणों ने बीईओ से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, चुनाव में हुई कथित अनियमितताओं की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा वर्तमान समिति को निरस्त कर सभी अभिभावकों की उपस्थिति में नियमों के अनुरूप पुनः चुनाव कराया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन भी करेंगे।
अब पूरे मामले में सभी की निगाहें प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के निर्णय पर टिकी हैं कि जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है। ग्रामीण जनता सहादत अंसारी. एकरार अंसारी. राजेश कुमार.इबरार अंसारी. मकबूल अंसारी. वकील अंसारी. मोख्तार अंसारी. मनोज कुमार दास. महबूब अंसारी. अशोक भुइया. जीतेन्द्र भुइया. रीना देवी. कविर अंसारी. समसाद अंसारी. इरफ़ान अंसारी.इंताज अंसारी. सविता देवी. तबसुम वीवी. चम्पा देवी राजकलिया कुंअर.रामचंद्र कोरवा एवं बड़ी सख्या मे ग्रामीण जनता मौजूद थे..
(नोट: यह समाचार ग्रामीणों द्वारा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दिए गए आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षा विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
बीपीएम नवीन प्रकाश मेहता ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि एक ही परिवार के पांच सदस्यों को सदस्य बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है। मामले की जांच कराई जाएगी और शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कन्या मध्य विद्यालय धुरकी के प्रधानाध्यापक गणेश ठाकुर ने बताया कि स्थानीय प्रशासन एवं पर्यवेक्षक की मौजूदगी में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि एक ही परिवार के पांच सदस्यों को सदस्य बनाया गया है।

