डंडई(गढ़वा):प्रखंड मुख्यालय सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को रंगों का त्योहार होली धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कई जगहों पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जहां लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।होलिका दहन के बाद सुबह से ही लोगों में होली को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने अपने-अपने घरों में विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद एक-दूसरे को रंग, अबीर और गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद लोग घरों से निकलकर एक-दूसरे को रंग लगाते नजर आए और दिनभर पूरा क्षेत्र रंगों में सराबोर रहा।
इस दौरान कई जगहों पर युवाओं की टोली ने जमकर होली खेली। युवाओं को कपड़ा फाड़ होली खेलते तथा डीजे और होली गीतों पर नाचते-गाते देखा गया। सुबह से शाम तक लोगों ने जमकर रंग-गुलाल उड़ाया। बच्चों ने भी पिचकारी से रंग-बिरंगे पानी की बौछार कर माहौल को और रंगीन बना दिया। वहीं महिलाएं और युवतियां भी रंग खेलने में पीछे नहीं रहीं। जगह-जगह पर होली के पारंपरिक गीतों पर नाच-गान हुआ तथा कई स्थानों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इधर रारो में होली के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां कलाकारों ने पारंपरिक होली गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। ढोलक, झाल और मंजीरे की थाप पर लोग झूमते नजर आए। “फगुआ” और पारंपरिक होली गीतों की गूंज से पूरा क्षेत्र उत्सव के रंग में रंगा रहा।उक्त अवसर पर मोहन पासवान, पप्पू यादव, कमलेश यादव, नागेंद्र सिंह, चंद्रिका प्रसाद यादव, महेंद्र यादव सहित कई लोग उपस्थित थे।

