श्री बंशीधर नगर :भारतीय स्टेट बैंक की श्री बंशीधर नगर शाखा में बुधवार को बैंक का 71 वां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पेंशनर शारदा महेश प्रताप देव, पेंशनर समाज के अनुमंडल अध्यक्ष गजाधर पांडेय एवं बैंक के मैनेजर सरोज कुमार केसरी ने संयुक्त रूप से केक काटकर किया। तत्पश्चात अतिथियों समेत बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बैंक की निरंतर प्रगति, उत्कृष्ट ग्राहक सेवा और बेहतर कार्य संस्कृति को और मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान शाखा प्रबंधक सरोज कुमार केसरी ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक देश का सबसे बड़ा सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक है और ग्राहकों का विश्वास ही इसकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि बैंक की सफलता का आधार ग्राहकों की संतुष्टि है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से ग्राहकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार, पारदर्शी कार्यशैली और बेहतर समन्वय बनाये रखते हुये बैंक को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैंक कर्मियों ने ग्राहकों को बैंक की विभिन्न बचत योजनाओं, ऋण सुविधाओं, बीमा सेवाओं और डिजिटल बैंकिंग योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही इंटरनेट बैंकिंग, मोबाईल बैंकिंग, यूपीआई और अन्य डिजिटल सेवाओं के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया। इसके पूर्व बैंक के स्थापना दिवस को लेकर बैंक को बैलून से खूबसूरत तरीके से सजाया गया था।
उस मौके पर बैंक के फील्ड ऑफिसर, पेंशनर समाज के कोषाध्यक्ष शिवनारायण चौबे, राजकिशोर प्रताप देव, रिटायर्ड दारोगा गिरिवर राम, देवकुमार, आनंद कमलापुरी, संतोष कमलापुरी, प्रदीप शुक्ला समेत कई लोग मौजूद थे।

