डंडई(गढ़वा):प्रखंड के रारो स्टेडियम में पिछले 10 दिनों से चल रहे बिरसा मुंडा कोस्को क्रिकेट टूर्नामेंट का सोमवार को रोमांचक दौर जारी रहा। खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचे। जानकारी देते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष जितेंद्र यादव ने बताया कि प्रतियोगिता अब अंतिम चरण में है और फाइनल के लिए दो टीमें तय हो चुकी हैं।पहले सेमीफाइनल में गेरुआ और कोरवाडीह की टीमें आमने-सामने थीं। गेरुआ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कोरवाडीह ने निर्धारित 10 ओवर में 107 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए गेरुआ ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 8 ओवर में जीत हासिल कर फाइनल में जगह बना ली। गेरुआ के खिलाड़ी जैकी ने एक ओवर में चार विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया और मैन ऑफ द मैच बने। दूसरे सेमीफाइनल में रारो और करके की भिड़ंत हुई। पहले बल्लेबाजी करते हुए रारो ने 10 ओवर में 99 रन बनाए। जवाब में करके की टीम ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाते हुए 8.2 ओवर में आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर रोमांचक जीत दर्ज की। करके के राजा यादव ने 37 रन बनाने के साथ तीन विकेट लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया और मैन ऑफ द मैच चुने गए। मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि व समाजसेवी मौजूद रहे। इनमें रारो पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र ठाकुर, करके मुखिया प्रतिनिधि ललन चौधरी, समाजसेवी पप्पू यादव, उप मुखिया चुनमुन चौधरी, शिवधर यादव,ओमप्रकाश यादव, अनिल भारती तथा जमील अंसारी शामिल थे। टूर्नामेंट को सफल बनाने में सचिव रंजन पासवान, रंजीत विश्वकर्मा, भानु कुमार यादव, विमलेश यादव सहित आयोजन समिति और स्थानीय ग्रामीणों की अहम भूमिका रही।

