डंडई(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र के रारो खेल स्टेडियम में आयोजित बिरसा मुंडा कॉस्को क्रिकेट टूर्नामेंट के पांचवे दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हुआ। टूर्नामेंट का शुभारंभ प्रमुख प्रतिनिधि घुरबिगन बैठा, प्लस टू उच्च विद्यालय लवाहिकला के प्रभारी प्रधानाध्यापक अमिताभ कुमार, पूर्व 20 सूत्री अध्यक्ष क्यामुदिन अंसारी सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा टॉस कर किया। जानकारी देते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष जितेंद्र यादव ने बताया कि पहले लीग मैच में लवाही और गेरुआ की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लवाही की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 81 रन बनाए। जवाब में गेरुआ की टीम ने 5.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया। इसके बाद खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गेरुआ और फाटपानी की टीमें भिड़ीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए फाटपानी की टीम ने 10 ओवर में 117 रन बनाए। जवाब में गेरुआ की टीम ने 9.4 ओवर में 121 रन बनाकर जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में प्रवेश किया।इस अवसर पर टूर्नामेंट के सचिव रंजन पासवान, आनंद पासवान, भानु कुमार यादव, राहुल पासवान, जमील अंसारी, जितेंद्र विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी व दर्शक मौजूद थे।

