कांडी(गढ़वा):प्रखंड के जमा दो उच्च विद्यालय के सभागार में गुरुवार को सेवानिवृत्त बीईईओ रम्भा चौबे के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय तथा विशिष्ट अतिथि प्रखंड प्रमुख सत्येन्द्र पाण्डेय उर्फ पिंकू पाण्डेय उपस्थित थे। बीईईओ रम्भा चौबे 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हुईं। उन्होंने 21 जुलाई 1988 को सेवा में प्रवेश किया था और लगभग 37 वर्षों के अपने सेवाकाल में अपने दायित्वों का निष्ठा व ईमानदारी के साथ निर्वहन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत एवं विदाई गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावुक बना दिया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि बीडीओ राकेश सहाय एवं प्रखंड प्रमुख द्वारा सेवानिवृत्त बीईईओ रम्भा चौबे का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि बीडीओ राकेश सहाय ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा विभाग ऐसा विभाग है, जहां प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही होती है। रम्भा चौबे ने एक साथ जिले के दस प्रखंडों का प्रभार संभालते हुए सभी कार्यों को समय पर पूरा किया, जो उनके कर्तव्यनिष्ठा और कार्य के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद सामाजिक जिम्मेदारियां और बढ़ जाती हैं, ऐसे में उन्हें रचनात्मक कार्यों में सक्रिय रहना चाहिए। विशिष्ट अतिथि प्रखंड प्रमुख सत्येन्द्र पाण्डेय ने उन्हें एक सक्षम, कर्तव्यपरायण एवं अनुशासित पदाधिकारी बताया। बीपीओ रविन्द्र कुमार मेहता ने कहा कि रम्भा चौबे ने बड़ी बहन की तरह हमेशा मार्गदर्शन दिया है, जिसके लिए बीआरसी परिवार सदैव आभारी रहेगा। अपने संबोधन में सेवानिवृत्त बीईईओ रम्भा चौबे ने कहा कि कार्य के प्रति कभी नकारात्मक सोच नहीं रखनी चाहिए और किसी भी काम को कल पर नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि दस प्रखंडों का प्रभार होने के बावजूद उन्होंने सभी दायित्वों को समय पर पूरा किया और हमेशा दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कार्य किया।कार्यक्रम को शिक्षक सूर्यकांत सिंह, राकेश कुमार एवं शैलेश कुमार पंडित ने भी संबोधित किया। अंत में बीआरसी, सीआरपी एवं शिक्षकों की ओर से रम्भा चौबे को सम्मान पत्र एवं उपहार भेंट कर विदाई दी गई। मंच संचालन शिक्षक पुरुषोत्तम कुमार द्विवेदी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सीआरपी धर्मेन्द्र कुमार दुबे ने किया।इस अ
वसर पर बीआरपी सुनील कुमार, लेखापाल राकेश रौशन तिर्की, अरुण कुमार, मीरा कुमारी, शिक्षक देवेंद्र तिवारी, श्रीकांत पाण्डेय, सुनील कुमार, अजय कुमार सिंह सहित कई शिक्षक उपस्थित थे।
37 वर्षों की सेवायात्रा पूर्ण: सेवानिवृत्त बीईईओ रम्भा चौबे को भावभीनी विदाई

