मेराल(गढ़वा):ग्राम पंचायत मेराल पूर्वी के वार्ड संख्या-10 स्थित नट टोला में ईंट-भट्ठा पर कार्यरत श्रमिक परिवारों के दर्जनों बच्चों के बीच सामुदायिक सहयोग से एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों को यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्कूल बैग एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मेराल पूर्वी के मुखिया राम सागर महतो, उत्क्रमित मध्य विद्यालय ब्लॉक कॉलोनी, मेराल के प्रधानाध्यापक गंगेश पाण्डेय, पूर्व बीडीसी अब्दुल लतीफ अंसारी, उपमुखिया अलिशेर अंसारी, वार्ड सदस्य विनोद चौधरी, देवकुमार राम, मुन्द्रिका राम, मुन्ना कुमार, राहुल कुमार, सुरेश नट सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। आर्थिक रूप से कमजोर एवं श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सहयोगात्मक प्रयास बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं।कार्यक्रम के अंत में बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। स्थानीय लोगों ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

