इद्रीश अंसारी की रिपोर्ट
श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र में मानवता की एक ऐसी मिसाल सामने आई, जिसने पूरे जिले में चर्चा पैदा कर दी है। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने गोसाई बाग निवासी गरीब परिवार संजय राम की छोटी बेटी की शादी में जिस संवेदनशीलता का परिचय दिया, उसने हर किसी का दिल जीत लिया।जानकारी के अनुसार संजय राम आर्थिक तंगी के कारण बेटी की शादी को लेकर बेहद परेशान थे। जब इस स्थिति की जानकारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार को मिली, तो उन्होंने बिना किसी प्रचार और भेदभाव के आगे बढ़कर पूरी मदद करने का निर्णय लिया। उन्होंने शादी के आवश्यक सामान की व्यवस्था की, आर्थिक सहयोग दिया और हर संभव तरीके से परिवार को संबल प्रदान किया।उपेंद्र कुमार ने यह साबित कर दिया कि मानवता किसी पद, जाति या वर्ग की मोहताज नहीं होती। एक पुलिस अधिकारी होकर भी जिस भावनात्मक संवेदनशीलता और मानवीय समझ का परिचय उन्होंने दिया, वह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बन गया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि थाना प्रभारी सिर्फ कानून-व्यवस्था संभालने वाले अधिकारी नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंदों के सच्चे हितैषी हैं। उनके सरल स्वभाव और मानवता की भावना को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चा रहती है। उनका यह कदम न सिर्फ एक गरीब घर में खुशियों की रोशनी लेकर आया, बल्कि समाज को यह संदेश भी दे गया कि यदि नीयत साफ हो और दिल में इंसानियत बसती हो, तो कोई भी व्यक्ति किसी का सबसे बड़ा सहारा बन सकता है।

