डंडई(गढ़वा):प्रखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में गुरुवार को एक दिवसीय जागरुकता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी व अन्य पुलिस पदाधिकारियों के द्वारा चलाए गए अभियान में महिला सुरक्षा, बाल विवाह, साइबर सुरक्षा, नशाखोरी, सड़क सुरक्षा, डायन बिसाही और समाज में व्याप्त कई तरह की कुरीतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उस दौरान साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा पर छात्राओं को जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि साइबर ठगी एक ऐसा मकड़जाल है, जिसमें कई लोग एक साथ सक्रिय होकर टेलिफोनिक संवाद कर ठगी करते हैं। उन्होंने कहा कि जब साइबर ठग का फोन मोबाइल पर आता है तो पूछताछ किया जाता है। उसी तरह आगे बढ़ते हुए उनके द्वारा आपसे ओटीपी भी मांगना शुरू कर दिया जाता है। ओटीपी देने पर व्यक्ति ठगी का शिकार हो जाता है। ऐसे लोगों से संवाद करने से बचना चाहिए। ठगी होने पर उसकी जानकारी बिना देर किए पुलिस पदाधिकारियों को दें ताकि उस पर आगे की कार्रवाई हो सके। वहीं महिला सुरक्षा पर छात्राओं को जानकारी देते हुए कहा कि आज की आधुनिक समाज में महिला सुरक्षा एक ज्वलंत और महत्वपूर्ण विषय हो गया है। महिलाओं की सुरक्षा केवल एक सामाजिक आवश्यकता नहीं है बल्कि उनका अधिकार भी है जो महिलाओं को सम्मान और समानता के साथ जीने का हक भी देता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ छेड़खानी, बलात्कार सहित अन्य घटनाए आम हो गई है। मौके पर थाना प्रभारी के द्वारा बाल विवाह, सड़क सुरक्षा, डायन बिसाही और समाज में फैली कुरीतियों पर भी प्रकाश डालकर छात्राओं को समझाने का प्रयास किया। इस मौके पर विद्यालय के वार्डन तनुजा कुमारी अकाउंटेंट रौशनी कुमारी साइंस लैब असिस्टेंट: रीना कुमारी शिक्षिका कुमारी पूनम,सोनम कुमारी,नीतू कुमारी कविता अन्य प्रतिनिधि नंद कुमार यादव, सतीश कुमार यादव,राजू कुमार ठाकुर सहित विद्यालय की छात्राएं उपस्थित थी।

