सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर, डीजे बजाने पर प्रतिबंध
सगमा(गढ़वा) :आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर धुरकी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता धुरकी के अंचल अधिकारी बिमल कुमार सिंह ने की। बैठक में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अफवाह फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी तथा डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा।बैठक में धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अफवाहों से दूर रहें और आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखें। सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और पर्व-त्योहारों को मिल-जुलकर मनाने पर जोर दिया। साथ ही लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक का संचालन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रखंड अध्यक्ष इस्राइल ने किया। इस दौरान धुरकी प्रखंड विकास पदाधिकारी अनुरंजन झा, प्रखंड प्रमुख अजय साह, विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण यादव, जिला परिषद सदस्य अंजू यादव, भाजपा नेता इंद्रमणि जायसवाल, शुक्लेश रॉय, दिलीप कुमार यादव, रामप्रवेश राम सहित सगमा एवं धुरकी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के मुखिया और पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे।

